मोटिवेशनल स्पीकर की मां से पुलिस ने ली घटना की जानकारी
विवेक बिंद्रा की मां से पुलिस ने ली घटना की जानकारी
- मोटिवेशनल स्पीकर की पत्नी यानिका के परिजन पहुंचे थाने, रखा अपना पक्ष
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। पत्नी के साथ मारपीट करने के आरोपी मोटिवेशनल स्पीकर विवेक बिंद्रा की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। नोएडा पुलिस ने सोमवार को इस मामले में विवेक की मां से घटना की पूरी जानकारी ली। वहीं विवेक की पत्नी यानिका के परिजनों ने थाने पहुंचकर अपना पक्ष रखा। नोएडा पुलिस विवेक से भी जल्द पूछताछ करेगी। पुलिस ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
बिंद्रा और यानिका की शादी 6 दिसंबर को हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद 14 दिसंबर को गाजियाबाद निवासी वैभव ने कोतवाली सेक्टर-126 में बहनोई विवेक बिंद्रा के खिलाफ बहन के साथ मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था। शादी के बाद दोनों नोएडा के सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा वेस्ट रेजीडेंसी में रहते थे। शादी के अगले दिन ही सात दिसंबर को विवेक बिंद्रा अपनी मां प्रभा से झगड़ा कर रहे थे। आरोप है कि यानिका ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो विवेक ने उसे कमरे में बंद कर दिया। गाली गलौज करते हुए विवेक ने यानिका को इस दौरान बुरी तरह से पीटा।
इसके बाद पुलिस ने अब विवेक की मां प्रभा से इस पूरे प्रकरण के बारे में जानकारी ली। वहीं पुलिस ने सोसाइटी से कुछ सीसीटीवी फुटेज भी लिए हैं जिसमें विवेक अपनी पत्नी से मारपीट करता हुआ दिखाई दे रहा है। डीसीपी हरीश चंदर ने कहा कि पुलिस साक्ष्य संकलन के बाद आगे की कार्रवाई करेगी। मामले की जांच जारी है।