सीएम आवास पर राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल से मारपीट का मामला
बिभव ने किसकी मदद से फोन फॉर्मेट किया इसका पता लगाएगी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
मुख्यमंत्री आवास पर राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल से मारपीट करने के मामले की जांच के लिए मंगलवार को पुलिस टीम बिभव कुमार को मुंबई ले गई। बृहस्पतिवार को मालीवाल की शिकायत पर मामला दर्ज होने के बाद बिभव की पंजाब और मुंबई जाने की सूचना मिली थी। बिभव की गिरफ्तारी के बाद जांच में पता चला कि उन्होंने मोबाइल को मुंबई में फॉर्मेट किया है। इसी डाटा को दोबारा से प्राप्त करने के लिए पुलिस टीम उन्हें मुंबई ले गई है। इसके अलावा इस बात का भी पता किया जाएगा कि बिभव मुंबई में किन-किन लोगों से मिले। किसने मोबाइल फॉर्मेट करने में मदद की। पुलिस इस बात की आशंका जता रही है कि मोबाइल फॉर्मेट करने से पहले बिभव ने डाटा किसी सिस्टम में सेव किया है।
सूत्रों का कहना है कि मामले की जांच के लिए विशेष दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। खुद अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अंजीथा चेपयाला इसका नेतृत्व कर रहे हैं। टीम में तीन इंस्पेक्टर, दो सब इंस्पेक्टर व अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं। हालांकि, जिला पुलिस उपायुक्त एसआईटी के गठन की बात से इंकार कर रहे हैं। मंगलवार दोपहर ढाई बजे की फ्लाइट से छह सदस्यीय टीम बिभव को लेकर मुंबई पहुंची। पुलिस कई लोगों से पूछताछ कर रही है। वहीं, पुलिस साइबर एक्सपर्ट की मदद से सीएम आवास पर डीवीआर के गायब हुए डाटा को बरामद करने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि लगातार बिभव पुलिस की जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं। वे बस हां और न में ही जवाब दे रहे हैं।