पुलिस ने प्राधिकरण के पानी के टैंकर को कब्जे में लिया
सड़क हादसे में बीटेक कंप्यूटर साइंस के तीन छात्रों की मौत का मामला
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत चुहड़पुर अंडरपास के पास सड़क हादसे के शिकार जीबीयू के तीनों छात्रों का सोमवार को पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजन शव को पैतृक गांव ले गए। पुलिस ने सोमवार को प्राधिकरण के पानी के टैंकर को कब्जे में लिया है।
गौरतलब है कि रविवार को सड़क हादसे में बीटेक कंप्यूटर साइंस के तीन छात्र स्वयं सागर, कुश उपाध्याय और समर्थ पुंडीर की मौत हो गई थी। तीनों बुलेट पर सवार होकर निंबस सोसाइटी की तरफ खाना खाने के लिए निकले थे। उनकी बाइक सड़क पर पेड़ को पानी लगाते धीरे-धीरे चल रहे एक पानी के भरे टैंकर से जा टकराई थी। बुलेट को स्वयं सागर चला रहा था। बीटा-2 कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। प्राधिकरण के पानी के टैंकर को कब्जे में लिया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है छात्रों की बाइक पीछे से पानी के टैंकर में टकराई थी। अभी टैंकर चालक की लापरवाही नहीं मिली है। संभावना है कि बुलेट की रफ्तार तेज रही थी। छात्रों ने हेलमेट भी नहीं पहना था। अगर हेलमेट पहने होते, तो उनकी जान बच सकती थी।