अनिल भाटी की तलाश में पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश
ग्रेटर नोएडा। ट्रांसपोर्टर से 45 लाख की रंगदारी मांगने के मुख्य आरोपी व सुंदर भाटी के भतीजे अनिल भाटी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने सोमवार रात से लेकर मंगलवार तक ताबड़तोड़ दबिश दी। अनिल पर 50 हजार का इनाम भी है। पुलिस ने सुंदर भाटी के गांव घंघोला में भी उसकी तलाश की। हालांकि, पुलिस के हाथ खाली ही रहे। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने बताया कि लोट्स पार्क सोसाइटी निवासी ट्रांसपोर्टर से अनिल और उसके दो गुर्गों ने जून 2020 में 45 लाख की रंगदारी मांगी थी। रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। मामले में शामिल अनिल के पिता सहदेव भाटी को पुलिस ने सोमवार दोपहर दिल्ली से मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया था। उस पर हत्या, रंगदारी, लूट, मारपीट समेत कुल 17 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, पुलिस गिरोह के दो गुर्गे लोकेश भाटी निवासी कैमराला व नागेश चौधरी निवासी डाबरा गांव को पहले ही जेल भेज चुकी है।
दिल्ली में आत्मसमर्पण करने की चर्चा
गौतमबुद्ध नगर पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश के चलते अनिल भाटी के दिल्ली में आत्मसमर्पण करने की चर्चा है। हालांकि, पुलिस ने इससे इनकार किया है। सूत्रों के अनुसार, 45 लाख की रंगदारी मामले में मुख्य आरोपी होने के चलते अनिल को डर है कि यूपी पुलिस कहीं उसका एनकाउंटर न कर दे। ऐसे में वह आत्मसमर्पण के फिराक में है।