नोएडा(संवाद)। सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल परिसर में बनाई जा रही पुलिस चौकी के उद्घाटन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मंगलवार को एसीपी और एसएचओ समेत पुलिस अधिकारियों की टीम अस्पताल पहुंची और चौकी का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, चौकी की स्थिति और उपलब्ध सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
जानकारी के अनुसार, इस सप्ताह के अंत तक चौकी का औपचारिक उद्घाटन किए जाने की संभावना है। अस्पताल परिसर में चौकी स्थापित होने से मरीजों, तीमारदारों और अस्पताल स्टाफ को सुरक्षा की अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चौकी संचालन शुरू होने के बाद अस्पताल में कानून-व्यवस्था और मजबूत होगी। भीड़भाड़ वाले इलाके में आए दिन होने वाले विवादों और अव्यवस्थाओं पर अंकुश लगेगा। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि चौकी से उन्हें त्वरित पुलिस सहायता मिलेगी।