मोहर्रम के मद्देनजर पुलिस अलर्ट
रबूपुरा संवाद। मोहर्रम और कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस अलर्ट है। कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने शनिवार को फोर्स के साथ क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया। कोतवाली प्रभारी श्याम बाबू शुक्ला, एसएसआई अश्वनी यादव, कस्बा इंचार्ज इमरान अंसारी व अन्य पुलिस बल के साथ शुक्रवार को कोतवाली नगर व अन्य संदिग्ध स्थानों पर पैदल गश्त करके व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने जुलूस मार्गों का निरीक्षण करते हुए मौके पर मौजूद संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पैदल मार्च का उद्देश्य कस्बा व क्षेत्र की शांति एवं सुरक्षा के प्रति आमजन में विश्वास बनाए रखना है।