21jjrp03- पुलिस स्मृति दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान शहीद पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि दे
झज्जर। पुलिस लाइन में पुलिस आयुक्त डॉ. राजश्री सिंह की अध्यक्षता में पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। इस मौके पर पुलिस प्रशासन की तरफ से शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए नमन किया गया। पुलिस आयुक्त डॉ. राजश्री सिंह ने देश सेवा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों के परिवारों के सदस्यों को सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि पुलिस प्रणाली भारत की एक रक्षा प्रणाली है, जो देश की हर क्षेत्र एवं राज्य स्तर पर रक्षा करती है। किसी भी देश के लिए पुलिस एक अहम ताकत है। पुलिस भारत के हर क्षेत्र के लोगो की दिन-रात एक करके रक्षा करती है। इस दिन भारत के उन वीर शहीद पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि दी जाती है, जिन्होंने देश-प्रदेश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए थे।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि पुलिस बल के लिए व हम सबके लिए गौरव की बात है कि केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के बहादुर जवानों के बलिदान को देश के सभी केन्द्रीय पुलिस संगठनों व सभी राज्यों की सिविल पुलिस द्वारा पुलिस स्मरण दिवस के रूप में मनाया जाता है। इन वीरों का बलिदान भारतीय पुलिस के कार्यों की उच्चतम परंपराओं का प्रतीक है तथा कर्तव्यनिष्ठा का अनुपम आदर्श प्रस्तुत करता है।