-सिरसा गांव स्थित ससुराल में विवाहिता की जलाकर हत्या का मामला
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सिरसा गांव में विवाहिता निक्की की जलाकर हत्या के मामले की जांच कर रही कासना कोतवाली पुलिस की ओर से जल्द कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की जा सकती है। पुलिस को मामले में फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आते ही पुलिस की ओर से कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी।
दादरी के रूपवास गांव में ससुराल पक्ष के लोगों ने निक्की भाटी की पिटाई कर आग लगा दी थी। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। बहन कंचन भाटी की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी पति विपिन भाटी, जेठ रोहित भाटी, सास दया और ससुर सतवीर को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अस्पताल की तरफ से जो पुलिस को मेमो मिला था। उसमें निक्की के जलने का कारण सिलेंडर का फटना बताया गया था। मामले की जांच कर रही टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण बिस्तर, रसोई, गैस चूल्हा और आंगन का बारीकी से मुआयना किया था। घर से मिट्टी का नमूना, जले कपड़े, थिनर की बोतल और लाइटर भी को कब्जे में लिया गया था। मगर पुलिस को घर से सिलेंडर फटने की चीज नहीं मिली थी। पुलिस ने आरोपी के पास से ज्वलनशील पदार्थ थिनर आदि बरामद किया था। इन्हें एफएसएल जांच के लिए भेजा गया था। एफएसएल से तय हो सकेगा कि आग लगाई गई थी या आकस्मिक रूप से लगी थी। आरोपी विपिन के बेडरूम की दरवाजे-खिड़की की स्थिति भी जांच का हिस्सा है। केस में सीसीटीवी फुटेज बेहद महत्वपूर्ण है। जिससे यह साबित हो सकेगा कि घटना के वक्त आरोपी सच में बाहर थे या नहीं। पुलिस ने पीड़ित परिजन के बयान दर्ज कर लिए हैं। साथ ही पड़ोसियों और सबसे पहले मौके पर पहुंचे लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने मामले में डॉक्टर के भी बयान दर्ज किए हैं। इसके साथ ही मृतका के पति, सास, ससुर और निक्की की बहन कंचन समेत अन्य परिजनों के कॉल डिटेल्स (सीडीआर) और लोकेशन खंगाली गई है। मामले में चार्जशीट दाखिल होने के बाद आरोपियों को पेश कर चार्ज फ्रेम कर ट्रायल शुरू होगा।
वहीं बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने बताया कि पुलिस ने जल्द चार्जशीट की बात कही है। चार्जशीट आने के बाद मजबूती से पक्ष रखेंगे। वहीं आरोपी पक्ष के अधिवक्ता अमित भाटी ने बताया कि चार्जशीट आने के बाद ही अब जमानत के लिए अर्जी दाखिल की जाएगी।