ग्रेटर नोएडा में अवैध पटाखों की बड़ी खेप बरामद
- फोटो : अमर उजाला
ग्रेटर नोएडा में दादरी पुलिस ने अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और परिवहन करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के करीब चार लाख रुपये कीमत के 20 कार्टून पटाखे बरामद किए हैं। पटाखों को ले जाने में इस्तेमाल की जा रही महेंद्रा बुलेरो पिकअप भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है। दोनों आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार बुधवार को दादरी थाना पुलिस लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग के आधार पर संदिग्ध वाहनों और लोगों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एनटीपीसी कट के पास पुलिस ने एक बुलेरो पिकअप को रोककर जांच की। तलाशी लेने पर वाहन में अलग-अलग कंपनियों के पटाखों से भरे 20 कार्टून मिले। पुलिस ने पटाखों को कब्जे में लेकर वाहन में सवार दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवकुमार (30) निवासी गांव चमनपुरा थाना सिकंदराराऊ जिला हाथरस वर्तमान पता गांव अच्छेजा थाना बादलपुर और रामकुमार (19) निवासी टॉटपुर कर्सरी थाना सहसवान जिला बदायूं वर्तमान पता गांव अच्छेजा थाना बादलपुर के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी बुलेरो पिकअप में पटाखे लेकर जा रहे थे। पुलिस ने बरामद पटाखों की कीमत करीब चार लाख रुपये बताई है। इसके अलावा पटाखों के परिवहन में प्रयुक्त महेंद्रा बुलेरो पिकअप संभी बरामद की है। पुलिस अब बरामद पटाखों के स्रोत और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था, इसकी जानकारी जुटा रही है।