नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को दिल्ली पुलिस ने जेड श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की है। उन्हें केंद्रीय गृह मंत्रालय की येलो बुक की गाइडलाइन के तहत सुरक्षा दी गई है, जिसमें वीआईपी और वीवीआईपी के प्रोटोकॉल का पूरा विवरण है। सीएम के साथ 22 सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। इनमें पीएसओ, एस्कॉर्ट्स, सर्विलांस स्टाफ आदि जवान होंगे। आतिशी को भी इसी प्रकार की सुरक्षा दी गई थी। इधर, साल 2023 में दिल्ली के विधायकों, मंत्रियों और मुख्यमंत्री के वेतन में वृद्धि की गई थी। सीएम की बेसिक 60 हजार रुपये होगी यानी हर माह वेतन और भत्ते मिलाकर 1.70 लाख रुपये मिलेंगे। इसके अलावा 1500 रुपये का दैनिक भत्ता भी मिलेगा। उन्हें सरकारी वाहन की सुविधा भी मिलेगी।
ये सुविधाएं मिलेंगी
रेखा गुप्ता को सरकारी आवास दिया जाएगा, जबकि सरकारी वाहन के लिए हर माह 700 लीटर फ्री पेट्रोल मिलेगा। अगर सीएम अपने निजी वाहन का इस्तेमाल करेंगी तो उन्हें हर माह 10 हजार रुपये भत्ता मिलेगा। इसके अलावा हर माह पांच हजार यूनिट बिजली फ्री मिलेगी। अपने कार्यकाल के दौरान वे 12 लाख रुपये तक का लोन भी ले सकती हैं।