नूंह। नूंह पुलिस कस्टडी में मेडिकल जांच के दौरान मंगलवार को अगवा की गई युवती पुलिस को पलवल जिले के खिड़ली गांव में मिली है। पुलिस ने युवती की मां खतीजा, मौसी हरुनी और एक अन्य महिला तबस्सुम को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस ने आरोपी फजरु को गिरफ्तार किया गया था। बता दें कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से कोर्ट मैरिज कर पुलिस सुरक्षा में नूंह पहुंचे प्रेमी जोड़े पर मंगलवार के दिन नूंह सीएचसी में कुछ लोगों ने हमला किया था। लड़की पक्ष के लोग पुलिस के सामने से युवती को लेकर फरार हो गए थे। नूंह सीएचसी में कई गाड़ियों में सवार होकर आए करीब दो दर्जन लोगों द्वारा पुलिस के साथ मारपीट भी की थी। बिसरू गांव के रहने वाले माजिद ने पलवल जिले के नंगला कानपुर गांव की लड़की संजीदा के साथ 13 जुलाई को कोर्ट मैरिज की थी।
कोर्ट द्वारा प्रेमी जोड़े को नूंह जिला पुलिस द्वारा सुरक्षा देने के आदेश जारी किए गए थे। प्रेमी जोड़ा मंगलवार को नूंह एसपी कार्यालय पहुंचा जिसके बाद उन्हें पुलिस सुरक्षा देते हुए सिटी थाना नूंह भेज दिया गया। यहां प्रेमी जोड़े को सेफ हाउस भेजने से पहले मंगलवार दोपहर 3 बजे नूंह सीएचसी में कोरोना जांच के लिए ले जाया गया। टेस्ट के बाद काफी देर तक दो पुरुष व दो महिला पुलिसकर्मी अस्पताल परिसर में मौजूद थे। इस दौरान युवती ने अपने परिजनों को देखा। इसके बाद सूचना पुलिसकर्मियों को देते यहां से चलने की गुहार लगाई, लेकिन पुलिसकर्मियों ने मामले को हल्के में लेते हुए उसकी बात को नहीं माना। इसी दौरान कई लोगों ने पुलिसकर्मियों व लड़के के साथ मारपीट की और वे उसे जबरन अपने साथ ले गए। वहीं लड़के पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।