नोएडा। कुत्ते को बिस्किट खिलाने के विवाद में मीडियाकर्मी प्रमोद शर्मा पर चाकू से हमले का आरोपी दीपक सोमवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। आरोपी के पैर में गोली लगी है। सेक्टर-113 थाना पुलिस ने घटना में इस्तेमाल हुआ चाकू और तमंचा बरामद किया है।
डीसीपी यमुना प्रसाद ने बताया कि पुलिस टीम गांव के नागोरी फार्महाउस के पास बेरिकेडिंग कर चेकिंग कर रही थी, तभी एक संदिग्ध उधर से गुजरा। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह तेजी से भागा। पीछा करने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। आरोपी की पहचान सर्फाबाद गांव निवासी दीपक शर्मा के रूप में हुई। उसके खिलाफ नोएडा और गाजियाबाद के अलग-अलग थानों में 11 केस विभिन्न धाराओं में दर्ज हैं। हाल ही में वह जेल से बाहर आया था। उस पर गैंगस्टर अधिनियम के तहत भी केस दर्ज है।