दादरी। कोतवाली दादरी क्षेत्र के सेक्टर ज्यू थ्री के पास शुक्रवार रात कार सवार चार बदमाशों व पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा है, जबकि दो अंधेरे का लाभ उठाकर भाग गए। आरोपियों के कब्जे से चोरी के आभूषण, कार व तमंचे-कारतूस बरामद हुए हैं। एडिशनल डीसीपी संतोष कुमार ने बताया कि आरोपियों की पहचान दादरी के काशीराम कॉलोनी निवासी अजय व समीर के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात सेक्टर ज्यू-3 के पास पुलिस जांच कर रही थी। पुलिस ने कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी मुड़कर भागने लगे। पुलिस का कहना है कि पीछा करने पर आरोपियों ने टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में की गई फायरिंग में आरोपी अजय के पैर में गोली लगी। वहीं, समीर को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया
आरोपी रेकी करके बंद मकानों को रात में निशाना बनाते थे। आरोपी ने ग्रेटर नोएडा के ओमीक्रोन-1 व 2, म्यू-1 व 2 और दादरी के पिंक सिटी में चार वारदात को कबूल किया है। आरोपी अजय पर 19 मामले दर्ज हैं और वह गैंग का मास्टरमाइंड है।