फतनपुर थाना क्षेत्र के कतरौली में पेट्रोल पंप से लूट करने वाले बदमाशों से शुक्रवार की रात पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी। आनन- फानन में उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया।
फतनपुर थानाध्यक्ष राजेंद्र त्रिपाठी और स्पेशल टीम शुक्रवार की रात नारायणपुर नहर पुलिया के पास संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इस बीच पुलिस टीम ने बाइक सवार को रोका तो वह फायरिंग करते हुए भागा। पुलिस टीम की जवाबी फायरिंग में बाइक सवार बदमाश के पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा। पुलिस ने उसके पास से तमंचा कारतूस के अलावा पेट्रोल पंप से लूटे गए 6800 रुपये और मोबाइल बरामद कर लिया।
मुठभेड़ में घायल अंतरजनपदीय बदमाश 23 वर्षीय रवि पासी उर्फ रवि भारतीय निवासी प्रयागराज के धूमनगंज थाना क्षेत्र के नीवा कछार उमरपुर को गौरा सीएचसी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज भेजा गया। सीओ विनय प्रभाकर साहनी ने बताया कि मुठभेड़ में पकड़े गए बदमाश रवि ने ही मंगलवार की रात कतरौली पेट्रोल पंप पर अपने साथियों के साथ लूटपाट की थी। उसके ऊपर 17 से अधिक मुकदमे लूट, चोरी, अपहरण, मारपीट, आर्म्स एक्ट, गैंगेस्टर, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के मुकदमे प्रयागराज, भदोही और प्रतापगढ़ में दर्ज हैं।