पुलिस मुठभेड़ में लूट के वांटेड बदमाश के पैर में गोली लगी
- दूसरा बदमाश फरार, कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस के साथ हुई मुठभेड़
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। वहीं दूसरा बदमाश भाग निकला। सोमवार देर रात को हुई मुठभेड़ में घायल हरिश्चंद को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी लूट व स्नेचिंग में वांटेड था। आरोपी पर 30 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
नोएडा जोन के एडीसीपी सुमित शुक्ला ने बताया कि कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस की टीम सोमवार देर रात को डीएलएफ मॉल के पास चेकिंग कर रही थी। इस दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर बदमाश भागने लगे तब पुलिस की टीम ने पीछा किया। बदमाशों ने घिरता हुअ देखकर पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान प्रतापनगर दिल्ली के रहने वाले हरिश्चंद उर्फ हरिया के रूप में हुई है। उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गया। घायल बदमाश हरिया पर दिल्ली एनसीआर के विभिन्न थानों में 31 केस दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में बदमाश ने 100 से अधिक वारदात करने की जानकारी दी है।