ग्रेटर नोएडा के थाना सेक्टर-142 पुलिस ने घर में चोरी की वारदात करने वाले घरेलू सहायक को दबोचने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पुलिस ने आठ सोने के आयताकार सिक्के बरामद किए हैं। जिनका कुल वजन 800 ग्राम और कीमत करीब 80 लाख रुपये है। इसके अलावा 5 लाख 71 हजार 200 रुपये नकद और एक नाजायज चाकू भी पुलिस के हाथ लगा।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि 17 अगस्त को पैरामाउंट फ्लोरविला सोसायटी सेक्टर-137 में रहने वाले वादी सतीश सिन्हा ने अपने घरेलू सहायक कृष्ण कुमार पांडे उर्फ चुम्मा पर घर से सोने और नकदी चोरी करने का आरोप लगाते हुए थाना सेक्टर-142 पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। शुक्रवार को सूचना मिली कि आरोपी जीएमआईटी पार्क के पास ग्रीन बेल्ट गेट पर मौजूद है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। उसकी तलाशी लेने पर चोरी किए गए आठ सोने के सिक्के (प्रत्येक 100 ग्राम) बरामद किए है।
पुलिस के अनुसार आरोपी कृष्ण कुमार पांडे (22) निवासी गांव भालुहीपुर थाना टाउन भोजपुर बिहार घरेलू सहायक बनकर घरों में प्रवेश करता और विश्वास जीतने के बाद मौका मिलते ही कीमती सामान व नकदी पर हाथ साफ कर देता था। पैरामाउंट फ्लोरविला सोसायटी में भी उसने इसी तरीके से सोने के सिक्के और नकदी चोरी की थी। आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।