पुलिस ने फॉरेंसिक लैब से मांगी मोबाइल फोन की जांच रिपोर्ट
मृतक वैभव और आरोपी माज के फोन भेजे गए थे लैब
जांच रिपोर्ट आने के बाद पुलिस दाखिल करेगी आरोप पत्र
दनकौर (संवाद)। बिलासपुर कस्बे में व्यापारी पुत्र वैभव की हत्या के आरोपी माज और वैभव के मोबाइल की जांच रिपोर्ट मंगाने के लिए पुलिस ने रुड़की स्थित फॉरेंसिक प्रयोगशाला को पत्र लिखा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद पुलिस कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल करेगी।
पुलिस ने बताया कि माज पठान ने 30 जनवरी को वैभव (17) की हत्या करने के बाद मोबाइल से फोटो और वीडियो सहित पूरा डाटा डिलीट कर दिया था। फोन में हत्या से जुड़े कई अहम साक्ष्य हैं। उन्हीं साक्ष्यों को एकत्रित कर आरोप पत्र में शामिल कर अदालत में भेजा जाएगा। साथ ही वैभव की हत्या करने की वजह का भी रिपोर्ट में खुलासा होगा।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने वैभव की हत्या की वजह अपनी गर्लफ्रेंड की आपत्तिजनक वीडियो बताया था, मगर डाटा डिलीट होने के बाद उसका कोई साक्ष्य नहीं मिल सका। इसके लिए दोनों मोबाइल लैब भेजे गए थे। पुलिस ने शनिवार को तीसरी बार प्रयोगशाला को पत्र भेजकर रिपोर्ट मांगी है। गौरतलब है कि वैभव 30 जनवरी को घर से लापता हो गया था। वैभव की हत्या कर शव खेरली नहर में फेंकने की बात माज और उसके साथी अयान ने कबूली की थी। 11 फरवरी को पुलिस ने नहर से शव बरामद कर लिया था।