- सेक्टर-51 में होटल के बाहर युवकों ने किया था हंगामा, वीडियो हुआ था वायरल, कई आरोपी अभी फरार
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-51 में एक होटल के बाहर खड़े होकर युवती को अश्लील इशारे करने और हंगामा करने वाले दो आरोपियों को कोतवाली सेक्टर-49 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार देर रात होशियारपुर रेड लाइट के पास से दोनों को दबोच लिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस मामले से जुड़े कई अन्य आरोपी अभी फरार चल रहे हैं।
सेक्टर-55 निवासी एक युवती 20 अक्टूबर को दोस्त देवेश के साथ सेक्टर-51 स्थित होटल में पार्टी करने गई थी। देर रात तक पार्टी चलने के दौरान आधी रात को मोहित बैसोया अपने दोस्तों प्रिंस बेसौया, गोपाल बिसौया समेत अन्य लोगों के साथ आया। मोहित और उसके साथियों ने होटल के नीचे खड़े होकर युवती को गाली देना शुरू कर दिया। इस दौरान युवकों ने शोर शराबा करते हुए अश्लील इशारे करना शुरू कर दिया। जब युवती व उसके दोस्त ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी।
मोरना गांव से किया गिरफ्तार :
इस दौरान युवती ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया। इसके बाद मंगलवार को यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। युवती की शिकायत पर पुलिस ने मोहित, प्रिंस और गोपाल समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया। मंगलवार रात को मोरना गांव निवासी मोहित और प्रिंस को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं अन्य युवक अभी फरार चल रहे हैं।
नशे में थे आरोपी : पुलिस की जांच में पता चला कि युवती का दोस्त देवेश प्रॉपर्टी डीलर है। देवेश की आरोपियों से दोस्ती रही है। पैसों को लेकर दोनों पक्षों में तनाव हो गया था। दिवाली वाली रात दो बजे के आसपास देवेश सेक्टर-39 थानाक्षेत्र स्थित एक जगह से खाना लेने गया था। वहां आरोपी मिल गए। यहां दोनों में गाली गलौज और मारपीट हुई। इसके बाद देवेश सेक्टर-51 स्थित उस होटल पर आया गया, जहां वह साथियों संग पार्टी करने के लिए रुका हुआ था। यहां पर देवेश का दोस्त और उसकी महिला मित्र भी थी। रात तीन बजे के करीब मोहित साथी प्रिंस समेत अन्य के साथ आया और होटल के बाहर हंगामा किया। इसके बाद वीडियो वायरल हुआ था। जिस वक्त आरोपी अश्लील इशारे कर रहे थे। उस वक्त आरोपी नशे में थे। एडीसीपी सुमित शुक्ला का कहना है कि इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।