सेक्टर-142 कोतवाली पुलिस ने रविवार देर रात दो बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान इलाहाबास गांव नोएडा के अर्जुन सिंह उर्फ कन्हैया निवासी और दुजाना गांव बादलपुर के प्रियांशु उर्फ भटिण्डा रूप में हुई है।
वहीं तीसरे आरोपी इलाहाबास गांव नोएडा के अभिषेक कुमार उर्फ मोटा भाई को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। कब्जे से एक चोरी की स्कूटी, तीन अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस और पांच कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी चोरी और लूट जैसी घटनाओं में संलिप्त थे।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी का कहना है कि रविवार रात पुलिस टीम जैन पार्क के पास नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध स्कूटी को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन स्कूटी सवार तीन बदमाश पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगे।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो आरोपी घायल हो गए। एक आरोपी को घेराबंदी के दौरान पकड़ा है। जांच में सामने आया कि यह आरोपी पहले भी कई आपराधिक वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। अर्जुन और प्रियांशु के खिलाफ फेज-2 कोतवाली और बिसरख में चोरी और लूटपाट से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी लंबे समय से चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। पुलिस अब इनके आपराधिक नेटवर्क की विस्तृत जांच कर रही है। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।