नोएडा। कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस ने दो पहिया वाहनों की चोरी करने वाले एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। इसके पास से पुलिस ने चार चोरी की बाइक बरामद की हैं। गिरफ्तार बदमाश के खिलाफ अलग अलग थानों में 11 मुकदमे दर्ज हैं। एसीपी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि वाहन चोरी की रोकथाम के लिए पुलिस की टीम काम कर रही थी। इसी क्रम में जब पुलिस की टीम मंगलवार को क्षेत्र में गश्त कर रही थी तभी छलेरा गांव के पास से एक संदिग्ध वाहन चोर को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान पता चला कि वह शातिर किस्म का वाहन चोर है। आरोपी की पहचान फतेहपुर के चांदपुर थानाक्षेत्र स्थित बड़ीगांवा निवासी अजीत सिंह के रूप में हुई। वर्तमान में वह फेज-वन थानाक्षेत्र स्थित हरौला गांव में किराये का कमरा लेकर रह रहा है।