तावडू। डकैती के मामले में पिछले 26 साल से फरार चल रहे वांछित बदमाश को पुलिस ने सीलखो गांव में गिरफ्तार कर लिया है। शहर थाना प्रभारी ओमवीर सिंह ने बताया कि मंगलवार को सूचना मिली कि राजस्थान के अलवर जिले के सदर थाने में लूट के मामले में आरोपी नूर मोहम्मद सीलखो गांव में घर में छिपा है। मौके पर दबिश दी जाए तो आरोपी को काबू किया जा सकता है। पुलिस ने मंगलवार दोपहर गांव में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। 1994 में राजस्थान के अलवर जिले के सदर थाने में आरोपी पर धारा 395, 396, 397 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी फरार चल रहा था। उस पर 2500 रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। राजस्थान पुलिस को सूचित कर दिया गया है। राजस्थान पुलिस मामले की जांच कर रही है।