किन्नौर के रकछम में सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में भाग लेते पुलिस और गृह रक्षा विभाग के जवान। स
रकछम में एसपी अभिषेक एस ने किया सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। सांगला के रकछम में सोमवार से सात दिवसीय पर्वतारोहण, स्कीइंग और रेस्क्यू प्रशिक्षण शुरू हुआ। इसमें पुलिस और गृह रक्षा विभाग के जवानों को प्राकृतिक आपदाओं और बर्फबारी में फंसे लोगों के बचाव कार्यों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। सात दिवसीय शिविर का एसपी किन्नौर अभिषेक एस ने शुभारंभ किया। शिविर के दौरान विशेषज्ञ प्रशिक्षक जवानों को बचाव कार्यों की तकनीक बताएंगे। एसपी अभिषेक एस ने संबोधित करते हुए कहा कि जवान प्रशिक्षण में उत्साह के साथ भाग लें। शिविर के दौरान वह दोबारा निरीक्षण करेंगे। इस शिविर में पुलिस, होमगार्ड और क्यूआरटी टीम के 23 जवान भाग ले रहे हैं। इन जवानों को किन्नौर माउंट ट्रेनिंग, स्कीइंग और रेस्क्यू एसोसिएशन के प्रशिक्षक आपदा से निपटने के तरीके बताएंगे। किन्नौर माउंट ट्रेनिंग, स्कीइंग और रेस्क्यू एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रद्युमन सिंह नेगी ने पहले दिन जवानों को माउंट ट्रेनिंग, स्कीइंग और रेस्क्यू के दौरान इस्तेमाल किए जाने वाले रोप्स, केराबीनर, सीट हार्नेस, पुली समेत कई उपकरणों की जानकारी दी। इस शिविर में किन्नौर माउंट ट्रेनिंग, स्कीइंग और रेस्क्यू एसोसिएशन के बेहतर प्रशिक्षक एवरेस्टर अमित नेगी, रमन नेगी, नीरज नेगी, अभिषेक नेगी और कर्म सागर नेगी प्रशिक्षण दे रहे हैं। इस मौके पर कार्यवाहक थाना प्रभारी सांगला चंदन सिंह पोटन सहित अन्य मौजूद रहे।