दिवाली पर पुलिस अलर्ट, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता
नोएडा। धनतेरस और दिवाली के मौके पर नोएडा पुलिस अलर्ट है। जनपद में चिह्नित संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस कमिश्नर ने इस बाबत आदेश जारी कर दिए हैं। अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था आनंद कुलकर्णी ने बताया कि त्योहार को लेकर पुलिस, पीसीआर, पीआरवी थाना मोबाइल को अलर्ट कर दिया गया है। संवदेनशील और भीड़भाड़ वाले 90 स्थान चिह्नित कर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनात कर दी गई है। सभी अधिकारी और थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में बाजारों, शॉपिंग एरिया, मॉल, मेट्रो स्टेशन, बस स्टॉप, होटलों के साथ अन्य भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में में नियमित गश्त कर रहे हैं। किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड और दंगा निरोधक दस्ते को भी अलर्ट रखा गया है। इसके साथ ही जिले की सीमा पर तैनात पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ा दी है। प्रत्येक बाजारों में महिला पुलिसकर्मी तैनात की गई है। किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम तैनात की गई है। ब्यूरो
जाम रोकने के लिए बढ़ाया नो एंट्री का समय
नोएड। धनतेरस और दिवाली के दौरान शहर में भारी वाहनों की प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। शुक्रवार से शुरू होकर से 13 नवंबर तक प्रतिबंध जारी रहेगा। इस दौरान रोजाना शाम 4 से रात 12 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ के मद्देनजर जाम से निजात दिलाने के लिए यातायात पुलिस की ओर से सार्वजनिक मार्ग पर नो एंट्री (प्रतिबंधित समय) का नियम लागू किया है। इस स्थानों पर इमरजेंसी व आवश्यक सेवा में तैनात वाहनों को छोड़कर अन्य वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। ब्यूरो