ग्रेटर नोएडा। जिले में पीएनजी और एलपीजी कनेक्शन के सत्यापन का काम अटका हुआ है। जबकि करीब एक माह पहले सरकार ने सत्यापन कराने का आदेश दिया था। जिससे पीएनजी कनेक्शन धारक का एलपीजी कनेक्शन रद्द किया जा सके। अफसरों का कहना है कि आधार कार्ड लिंक नहीं होने के कारण दिक्कत आ रही है। इस कारण ऐसे उपभोक्ताओं को चिह्नित नहीं किया जा सका है।
गैस किल्लत की वजह से पीएनजी के साथ एलपीजी कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को कनेक्शन लौटाने को कहा गया है। सरकार ने गैस और तेल कंपनियों को ऐसे उपभोक्ताओं को चिह्नित करने का आदेश दिया था। जिले में करीब 10 लाख एलपीजी गैस के घरेलू उपभोक्ता है। जबकि साढ़े 4 लाख पीएनजी उपभोक्ता है। कॉमर्शियल सिलिंडर के भी करीब 10 हजार उपभोक्ता है। जिले में इन उपभोक्ताओं का सत्यापन नहीं हो सका है। अफसरों ने बताया कि आधार कार्ड लिंक नहीं होने के कारण पीएनजी और एलपीजी कनेक्शन धारकों का सत्यापन नहीं हो पा रहा है। इस संबंध में तेल व गैस कंपनियों को फिर से निर्देश दिए गए हैं। ब्यूरो