माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत दो अलग-अलग मामले में महिलाओं से प्लॉट दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। पहले मामले में चिपियाना खुर्द तिगरी क्षेत्र में एक महिला द्वारा खरीदे गए 100 वर्ग गज के प्लॉट पर कब्जा करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता बबली देवी निवासी यूसुफपुर चकसावेरी का कहना है कि 30 अक्तूबर 2023 को डीलर सुभाष यादव के माध्यम से अविनाश सिंह और विपिन कुमार से 40 लाख रुपये में प्लॉट खरीदा था। मार्च 2024 में उन्होंने प्लॉट पर पांच से छह फीट ऊंची बाउंड्री दीवार और लोहे का गेट भी लगवाया था। आरोप है कि 30 जुलाई 2024 को कृष्ण यादव निवासी संगम विहार दिल्ली अपने 10-12 हथियारबंद साथियों के साथ आया और उनके प्लॉट का ताला तोड़कर कब्जा कर लिया। विरोध करने पर उसने बबली देवी और उनके पति को जान से मारने की धमकी दी। प्रकरण में डीलर सुभाष यादव भी मिलीभगत कर रहा है।
प्लॉट दिलाने के नाम पर महिला से 23 लाख की ठगी :
साई उपवन सोसाइटी निवासी दीपा राघव का आरोप है कि दिसंबर 2023 में दिलशाद ने उन्हें चिपियाना खुर्द क्षेत्र में एक प्लॉट दिखाया। सुभाष यादव के माध्यम से उसकी रजिस्ट्री कराई। महिला ने बताया कि इस प्लॉट के एवज में उन्होंने 23.65 लाख की राशि अदा की। लेकिन जब वह अपने प्लॉट की बाउंड्री कराने पहुंचीं तो वहां पहले से मौजूद लोगों ने उस जमीन को अपना बताते हुए आपत्ति जताई। सुभाष यादव, उसके भाई महेंद्र यादव और दिलशाद खान ने मिलकर षड्यंत्रपूर्वक यह धोखाधड़ी की और रकम हड़प ली। वहीं, कोतवाली प्रभारी कोतवाली प्रभारी मनोज सिंह का कहना है कि दोनों मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की है।