खिलाड़ी दिन भर बहाएंगे पसीना, शाम को उठाएंगे संगीत का लुत्फ
-प्रदेश के पर्यटन विभाग की तरफ से रोजाना शाम को होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
-जिलाधिकारी ने वालंटियर को सौंपी जिम्मेदारी, मेहमानों के साथ करना होगा मधुर व्यवहार
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। खेलो इंडिया में देश के अलग-अलग कोने से आने वाले खिलाड़ी दिन भर पसीना बहाने के बाद शाम को गीत-संगीत का लुत्फ उठाएंगे। दरअसल, रोजाना सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। ऐसे में खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश की संस्कृति को जानने का भी मौका मिलेगा। गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में भी रोजाना शाम को प्रदेश के लोकगीत व अन्य कार्यक्रम होंगे। शासन के आदेश पर प्रशासन ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। वहीं रविवार को कबड्डी के 200 खिलाड़ी जिले में पहुंचेंगे।
गौतमबुद्ध नगर को खेलो इंडिया के तहत छह खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी मिली है। 23 मई से प्रतियोगिताओं का आगाज हो जाएगा। उससे पहले शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और जीबीयू में तैयारी चल रही है। जिले में 1200 खिलाड़ी और उनके सहयोगी आएंगे। जो रविवार से आना शुरू हो जाएंगे। उनको ठहराने के लिए हॉस्टल में काम चल रहा है। वहीं सरकार की तरफ से मनोरंजन का भी इंतजाम किया जाएगा। उप जिला क्रीडा अधिकारी अनिता नागर ने बताया कि रोजाना शाम के समय जीबीयू में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की तरफ से इनका आयोजन होगा। कार्यक्रम के माध्यम से देश भर के छात्रों को प्रदेश की संस्कृति से रूबरू कराया जाएगा। लोकगीत व अन्य संगीत का आयोजन होगा। दिन भर खेलने के बाद शाम के समय छात्र अपना मनोरंजन भी कर सकेंगे।
-
वालंटियर को खिलाड़ियों के साथ रखना होगा मधुर व्यवहार: डीएम
जिलाधिकारी ने शनिवार को जीबीयू के ऑडिटोरियम में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के वालंटियर को प्रशिक्षण दिया। डीएम ने कहा कि खेलाे इंडिया के आयोजन में वालंटियर की भूमिका अहम होगी। ऐसे में सभी वालंटियर को मेहमानों के साथ मधुर व्यवहार रखना होगा। वालंटियर को उनके कार्याें की जानकारी दी। खिलाड़ियों और मेजबानों के ठहरने की व्यवस्था, खाना व जलपान और यातायात की व्यवस्था का ध्यान रखना होगा। अगर किसी तरह की दिक्कत है तो अफसरों से संपर्क कर जानकारी ले लें। प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद ही वालंटियर जाएं।
फोटो:
ग्रेनो के दिनेश भाटी का हुआ भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम में चयन
ग्रेटर नोएडा। शहर के कैमराला गांव निवासी दिनेश भाटी का चयन भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम में हुआ है। वह टीम के साथ अगले माह मलेशिया और सिंगापुर जाएंगे। जहां टीम पांच टी-20 मैचों की सीरीज खेलेगी। दिनेश के चयन से क्षेत्र और परिवार के लोग काफी खुश हैं। उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
कैमराला गांव निवासी दिनेश भाटी पूर्व में भी भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम का हिस्सा रह चुके हैं। पिछले साल उन्होंने भारत की तरफ से नेपाल के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज खेली थी। जिसमें भारत ने 2-1 से जीत दर्ज की। वहीं अब दिनेश का चयन मलेशिया और सिंगापुर में होने वाली सीरीज के लिए भारतीय टीम में हुआ है। दिनेश भाटी ने बताया कि मलेशिया में 11 और 13 जून को टी-20 मैच खेले जाएंगे। जबकि सिंगापुर में 16, 17 और 18 जून को मैच खेले जाएंगे। दिनेश गेंदबाजी के साथ-साथ अच्छे क्षेत्ररक्षक भी हैं। साथ ही बल्लेबाजी भी करते हैं। उनकी सफलता से परिजन और अन्य निवासी काफी खुश हैं।