दनकौर (संवाद )। राजपुर कला गांव में शनिवार को स्व. हरस्वरूप सिंह चेयरमैन की पुण्य स्मृति में हवन यज्ञ, श्रद्धांजलि सभा और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि योग गुरु एवं पतंजलि योगपीठ के संस्थापक करमवीर महाराज ने योग, संस्कार, सेवा, राष्ट्र निर्माण और आध्यात्मिक जीवन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ और अनुशासित जीवन अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर कुश्ती के प्रसिद्ध खिलाड़ी भारत केसरी कलुआ गुर्जर, अंतरराष्ट्रीय पहलवान जोंटी गुर्जर, अजय भाटी और कोच रणजीत पहलवान को नकद पुरस्कार एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों ने युवाओं को खेलों से जुड़ने और अनुशासित जीवन अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में जयप्रकाश नागर, अजीत दौला, ओमवीर एडवोकेट, धर्मवीर प्रधान सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।