स्वच्छता अभियान के दावों की खुली पोल
यमुना सिटी(संवाद)। सरकार की ओर से स्वच्छता को लेकर लगातार जोर दिया जा रहा है, वहीं जेवर तहसील परिसर में ही गंदगी का ढेर लगा हुआ है। एसीपी कार्यालय के बराबर में सीढ़ियों के पास कूड़ा जमा है। यहां पुराने सामान, कागज, प्लास्टिक और अन्य कचरा पड़ा हुआ है। तहसील परिसर में एसडीएम, तहसीलदार और एसीपी जैसे अधिकारियों के कार्यालय होने के बावजूद सफाई व्यवस्था बदहाल है। तहसील परिसर में प्रतिदिन विभिन्न कामों के लिए बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचते हैं। ऐसे में परिसर में कूड़ा जमा होने से लोगों को परेशानी हो सकती है। सीढ़ियों के पास कचरा पड़ा होने से परिसर की स्वच्छता भी प्रभावित हो रही है। लंबे समय तक गंदगी जमा रहने से दुर्गंध और संक्रमण का खतरा भी बना रह सकता है। एक ओर सरकार स्वच्छता बनाए रखने और आसपास सफाई रखने के लिए लोगों को जागरूक कर रही है, वहीं दूसरी ओर सरकारी कार्यालयों के परिसर में ही कूड़े का ढेर दिखाई दे रहा है।