पिकअप वाहन ने पुलिस की गाड़ी में मारी टक्कर, दरोगा की मौत
- बिना लाइसेंस के नशे में पिकअप चला रहा आरोपी गिरफ्तार, एक और दरोगा व पुलिसकर्मी घायल
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नववर्ष की ड्यूटी पर गश्त लगा रही पुलिस के शक्ति मोबाइल वाहन को पिकअप वैन ने टक्कर मार दी। रविवार रात करीब डेढ़ बजे सेक्टर-2 स्थित एसबीआई बैंक के पास हुए हादसे में थार सवार दो दरोगा समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। हादसे में घायल मूलरूप से मेरठ के दौराला निवासी दरोगा रामकिशोर शर्मा (54) की मौत हो गई। जबकि एक और दरोगा विजय अहलावत की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं हेड कांस्टेबल को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। पुलिस ने आरोपी पिकअप चालक मूलरूप से झारखंड निवासी बृजेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। प्राथमिक जांच में चालक के नशे में धुत होकर पिकअप वाहन चलाने की बात सामने आई है। उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था।
करीब डेढ़ माह पहले ही रामकिशोर शर्मा की तैनाती फेज-1 थाने में हुई थी। नववर्ष के उपलक्ष्य में सेक्टर-दो स्थित एसबीआई बैंक के पास डयूटी पर अपने सहयोगी दारोगा विजय अहलावत और हेड कांस्टेबल नरेश कुमार के साथ तैनात थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने पुलिस की थार के बीचोबीच टक्कर मार दी। टक्कर से थार के बीच का हिस्सा पिचक गया। हादसे में रामकिशोर शर्मा और विजय अहलावत गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि हेड कांस्टेबल नरेश कुमार को भी चोटें आई। मौके पर पहुंचे आलाधिकारी तीनों को जिला अस्पताल ले गए। जहां से रामकिशोर शर्मा और विजय अहलावत को सेक्टर-27 स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। करीब आधे घंटे बाद उपचार के दौरान रामकिशोर शर्मा ने दम तोड़ दिया। जबकि विजय अहलावत की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
दरोगा रामकिशोर शर्मा के शव को सोमवार दोपहर को सेक्टर-94 में पोस्टमार्टम कराया गया। सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे शव उनके बेटे को सौंप दिया गया। पुलिस वाहन से शव को पैतृक गांव रवाना कर दिया गया। पोस्टमार्टम हाउस के पास परिजनों के अलावा काफी संख्या में पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।
कोट
सेक्टर-2 में बेहद हुई घटना बेहद दुखद है। झारखंड निवासी पिकअप चालक बृजेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। वाहन को भी पुलिस ने जब्त किया है। मामले की जांच जारी है। - मनीष मिश्रा, एडीसीपी नोएडा।