हरहुआ। वाजिदपुर रिंग रोड चौराहे पर बुधवार सुबह पिकअप और निजी स्कूल बस की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन पलट गए। पिकअप में मछलियां लदी थीं, जबकि स्कूल बस खाली थी। हादसे के बाद चौराहे पर कुछ देर के लिए जाम लग गया। प्रयागराज निवासी मोनू पिकअप में मछलियां लादकर बलिया जा रहा था। सुबह छह बजे वाजिदपुर रिंग रोड चौराहे पर बस से टक्कर हो गई। पिकअप का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों वाहन सड़क किनारे पलट गए। सूचना पर हरहुआ चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। मोनू को मामूली चोट आई है। थाना प्रभारी बड़ागांव अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। संवाद