नोएडा। ग्रेनो वेस्ट मेट्रो परियोजना के लिए जून में केंद्र में पब्लिक इनवेस्टमेंट बोर्ड (पीआईबी) की बैठक होगी। इसी 6-7 जून को संभावित बैठक में परियोजना की लागत व उपयोगिता को मंजूरी मंत्रालय स्तर पर मिलने की संभावना है। जिसके बाद प्रस्ताव कैबिनेट में जाएगा। पीआईबी की बैठक में ही एनएमआरसी अधिकारियों को परियोजना के प्रस्तुतिकरण के लिए बुलाया जाएगा। सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टर-4 (किसान चौक) तक मेट्रो परियोजना की अभी लागत 900 करोड़ रुपये अनुमानित है। ग्रेनो वेस्ट मेट्रो में एनएमआरसी ने किसान चौक तक 5 स्टेशन का कॉरिडोर बनाने का निर्णय लिया है। इस लिहाज से इस प्रस्ताव को अलग से मंत्रालय में भेजा गया है। मेट्रो अधिकारियों का कहना है कि अगर आरआरटीएस के प्रस्तावित रूट को भी मंजूरी मिल जाती है तो इस 5 स्टेशन वाले सेक्टर-51 से ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर-4 तक के मेट्रो रूट पर कोई असर नहीं पड़ेगा। ये रूट आरआरटीएस से अलग होगा और नोएडा-ग्रेनो वेस्ट को जोड़ेगा। 7.5 किलोमीटर के इस रूट पर 5 मेट्रो स्टेशन सेक्टर-61, 70,122, 123 और ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 (किसान चौक के पास) शामिल हैं। ब्यूरो