जॉगिंग कर रही सेल्स एग्जीक्यूटिव से बदमाशों ने मोबाइल लूटा
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट में बाइक सवार दो बदमाशों ने सर्वोत्तम स्कूल के पास जॉगिंग कर रही महिला से महंगा मोबाइल लूट लिया। महिला ने मोबाइल को कसकर पकड़ा हुआ था। जिस पर पहले बदमाशों ने महिला को धक्का देकर गिरा दिया और मोबाइल लेकर भाग गए। गिरने की वजह से वह बाइक का नंबर नोट नहीं कर सकीं। आसपास जॉकिंग कर रहे लोगों ने भी मदद नहीं की। पीड़िता ने बिसरख कोतवाली में लूट की तहरीर दी है। ग्रेनो वेस्ट की ला रेजीडेंसिया सोसाइटी में अंकिता गुप्ता परिवार के साथ रहती है। वह एक कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव हैं। पति मनीष ने बताया कि रोज की तरह बुधवार सुबह भी अंकिता जॉगिंग करने गई थीं। सर्वोत्तम स्कूल के पास सुबह साढ़े सात बजे काले रंग की अपाचे बाइक पर सवार बदमाशों ने फोन लूट लिया। दोनों बदमाशों ने हेलमेट पहना हुआ था। वहीं, रास्ते में कुछ और लोग भी जॉगिंग कर रहे थे, लेकिन किसी ने बदमाशों को पकड़ने की हिम्मत नहीं दिखाई। पति ने सोसाइटी के व्हाट्स एप ग्रुप पर जानकारी देकर सभी को आगाह किया। लोग पुलिस से ट्विटर पर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की मांग कर रहे हैं।