फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टैंकरों से डीजल-पेट्रोल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़

Sun, 30 Jun 2019 01:48 AM IST
नोएडा ब्यूरो अमर उजाला, दनकौर
विज्ञापन
विज्ञापन
थाना पुलिस व स्टार-2 टीम ने मथुरा रिफाइनरी से यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते जाने वाले टैंकरों से डीजल-पेट्रोल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के पांच बदमाशों को रंगेहाथ गिरफ्तार कर मौके से दो टैंकर व ड्रम में भरे 450 लीटर डीजल-पेट्रोल बरामद किया है। वहीं दो आरोपी मौके से फरार हो गए। गिरोह टैंकरों के चालक व क्लीनर से साठगांठ कर लंबे समय से चोरी कर रहे थे। आरोपियों की पहचान रबूपुरा निवासी मटरू, सहारनपुर निवासी शब्बीर व जावेद, मेरठ निवासी अमोद कुमार और योगेश के रूप में हुई है।
विज्ञापन


एसपी देहात विनीत जायसवाल ने बताया कि शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर दनकौर पुलिस व स्टार-2 टीम यमुना एक्सप्रेसवे के नीचे सर्विस रोड पर चपरगढ़ गांव के अहाते में बने गोदाम पर छापा मारा। उस वक्त आरोपी दो टैंकरों के लॉक मास्टर चाबी से खोलकर कुप्पी व पाइप से टैंकरों से पेट्रोलियम पदार्थ निकाल रहे थे। पुलिस ने पांच आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया और दो आरोपी मौके से फरार हो गए।

मौके पर ही आपूर्ति निरीक्षक को सूचना दी गई। बाद में जिलाधिकारी से अनुमति लेने के बाद इस मामले में शनिवार को पांचों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पूछताछ में मुख्य आरोपी मटरू ने बताया कि वह टैंकरों के ड्राइवर और क्लीनरों से संपर्क करता था। जिससे पेट्रोलियम टैंकर रिफाइनरी से निकलकर पेट्रोल पंप पर जाने से पहले एक्सप्रेसवे के नीचे चपरगढ़ के अहाते में बने गोदाम पर पहुंच जाते थे।
विज्ञापन


मास्टर चाबी से खोलते थे लॉक
पुलिस के मुताबिक, टैंकर के लॉक की दो चाबी होती है। जिसमें एक रिफाइनरी में और दूसरी पेट्रोल पंप प्रबंधक के पास होती है। आरोपी मास्टर चाबी के जरिये गोदाम में टैंकर का लॉक खोलकर टैंकर से 40-50 लीटर पेट्रोल व डीजल कुप्पी व पाइप के जरिये निकाल लेते थे। पुलिस ने मौके से मास्टर चाबी का गुच्छा भी बरामद किया है।
ढाबों पर खाना खाने के दौरान चालकों व क्लीनर से करते थे साठगांठ
पुलिस की पड़ताल में पता लगा है कि आरोपी टैंकर के चालक और क्लीनर से ढाबों पर खाना खाने रुकने के दौरान साठगांठ करते थे। एक टैंकर का चालक या क्लीनर अन्य से भी गिरोह के बदमाशों की साठगांठ करा देता था। जांच में यह बात सामने आई है कि एनएच-91, पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के ढाबों के आसपास भी इसी तरह का गोरखधंधा चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, एक दिन में 10-12 टैंकर से तेल चोरी कर चालक-क्लीनर को आरोपी कमीशन देते थे।

दनकौर में गोदाम खोलकर करता था चोरी
गिरोह का सरगना रबूपुरा निवासी मटरू है। वह लंबे समय से टैंकरों से पेट्रोल व डीजल की चोरी में लिप्त था। पहले आरोपी जेवर क्षेत्र में लंबे समय तक पेट्रोल-डीजल चोरी का काम करता था। इसके बाद वह दनकौर क्षेत्र में गोदाम खोलकर चोरी करने लगे। आरोपी अपने साथ खुद को बचाने के लिए अपने साथ बच्चों को रखता है। पुलिस के छापे के दौरान भी उसका बच्चा उसके साथ था और वह पुलिस से बचने के लिए बार-बार बच्चे की कसम खा रहा था।

पुलिस को देखकर गोदाम की तरफ जा रहे टैंकर लौटे
पुलिस की कार्रवाई के दौरान कुछ टैंकर यमुना एक्सप्रेसवे से नीचे उतरकर गोदाम की तरफ जा रहे थे लेकिन पुलिस को देखकर लौट गए। अहम है कि पिछले साल पेट्रोल पंप यूनियन के पदाधिकारियों ने डीजीपी से मुलाकात कर पेट्रोल-डीजल चोरी की वारदात की शिकायत की थी। इसके अलावा भी कई बार शिकायतें की गईं थीं। इस पर डीजीपी ने पूरे प्रदेश की पुलिस को कार्रवाई का निर्देश दिया था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें