चौधरी केशराम इंटर कॉलेज हबीबपुर में दोबारा करनी पड़ी अभ्यर्थी की जांच, सही मिली जानकारी
9,285 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित दोनों पालियों में
40 केंद्रों पर हुई प्रारंभिक अर्हता परीक्षा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। जिले में रविवार को 40 केंद्रों पर प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) हुई। चौधरी केशराम इंटर कॉलेज हबीबपुर में तकनीकी दिक्कत आई। इस वजह से एक अभ्यर्थी जांच के दौरान संदिग्ध लगा। उसकी दोबारा जांच कराई गई तो जानकारी सही निकली। तब जाकर केंद्र व्यवस्थापक और स्टेट्रिक से लेकर सेक्टर मजिस्ट्रेट ने राहत की सांस ली।
शनिवार को एक अभ्यर्थी जांच में सही नहीं पाया गया था। वह केंद्र से फरार हो गया था। केंद्र व्यवस्थापक ने सेक्टर-39 स्थित कोतवाली में तहरीर दी थी। शनिवार की घटना से सबक लेकर दूसरे दिन रविवार को हर केंद्र में सतर्कता से जांच की गई।
नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए अभ्यर्थियों के सनग्लास, कलावा और बेल्ट तक उतरवा लिए गए। रविवार को पहली पाली की परीक्षा सुबह नौ बजे से शुरू हुई। गेट पर सघन तलाशी के बाद परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया। पहली पाली की परीक्षा में पंजीकृत 17,592 परीक्षार्थियों में से 12,890 उपस्थित रहे और 4,702 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में पंजीकृत 17,592 परीक्षार्थियों में से 13,008 उपस्थित और 4,584 अनुपस्थित रहे।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि चौधरी केशराम इंटर कॉलेज हबीबपुर में तकनीकी दिक्कत के कारण एक अभ्यर्थी संदिग्ध मिला था। दोबारा जांच में वह सही निकला। फिलहाल किसी भी केंद्र से गड़बड़ी या नकलची पकड़े जाने की सूचना नहीं है। परीक्षा के दौरान सचल दल सक्रिय रहे। वहीं कॉलेज की प्रधानाचार्य व केंद्र व्यवस्थापक डॉ. विनय पाठक ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्वक कराई गई। एक अभ्यर्थी संदिग्ध मिला। उसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई। जांच में फिर वह सही निकल आया था।
शनिवार की अपेक्षा रविवार को रहा सरल पेपर
श्री अमीचंद इंटर कॉलेज से परीक्षा देकर निकले रहे अभ्यर्थियों ने बताया कि शनिवार से रविवार को पेपर सरल रहा। बहु विकल्पीय प्रश्न काफी आसान आए थे।अच्छे अंक आने की उम्मीद है।
प्रश्न पत्र सरल रहा। अच्छे अंक आने की उम्मीद है। - दौलतराम
कई सवालों ने थोड़ा परेशान किया लेकिन परीक्षा अच्छी हुई। - शिवम