नगीना में पेयजल संकट से लोग परेशान
- सरकार और प्रशासन से की समस्या से निदान दिलाने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। गर्मियां आते ही नगीना कस्बे में पेयजल संकट शुरू हो गया है। वार्ड-3 झबला मोहल्ला में बीते एक सप्ताह से पेयजल के लिए हाहाकार मचा हुआ है। लोगों ने सरकार और प्रशासन से पेयजल आपूर्ति को तुरंत प्रभाव से सुचारु कराने की मांग की।
मोहल्ला निवासी लोकेश गोयल, रजत जैन, सुनील जैन, अशोक कंसल, कुसुमलता, बंटी जैन ने बताया कि मोहल्ले में पानी की आपूर्ति प्राचीन शिव मंदिर पर बनाए गए जलापूर्ति केंद्र से की जाती है। लेकिन आपूर्ति बाधित होने की वजह से लोग परेशान हैं। भूमिगत खारा पानी होने की वजह से मोहल्ला वासी विभाग के द्वारा बिछाई गई पाइपलाइन के पानी पर ही निर्भर है। उच्च वर्ग के व्यक्ति तो टैंकर मंगाकर अपना कार्य चला लेते हैं, लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि यह समस्या काफी समय से बनी है। ऐसे में प्रशासन को उनकी इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान कराना चाहिए। जिससे उनको राहत मिल सके।
इस संबंध में एससी जगदीश ने कहा कि किस कारण से पानी नहीं मिल रहा है। इसकी जल्द जानकारी ली जाएगी। समस्या का पता लगाकर पानी तुरंत मुहैया कराया जाएगा।