नेफोमा अध्यक्ष ने कहा -लिफ्ट का रखरखाव न होने से आए दिन रहे फंस निवासी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा।
ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर-16सी स्थित रेडिकॉन वेदांतम सोसाइटी में जरूरी सुविधाओं की कमी से लोग काफी परेशान हैं। आरोप है कि सोसाइटी के बेसमेंट की हालत काफी खराब है। प्रबंधन से शिकायत करने के बाद भी कोई समाधान नहीं हो रहा है।
नेफोमा अध्यक्ष अन्नू खान ने बताया कि सोसाइटी में लिफ्ट का ठीक से रखरखाव नहीं किया जा रहा है। आए दिन लिफ्ट अटकने की घटनाएं हो रही हैं। सुरक्षा की कोई सुविधा नहीं है। सिक्योरिटी कैमरे कार्य नहीं कर रहे हैं। सोसाइटी में कुत्तों का आतंक है। पांच वर्षों से बिल्डर निवासियों से नहीं मिल रहा है जिससे सोसाइटी में दिन-प्रतिदिन समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। 15 वर्ष बाद भी सोसाइटी का काम चल रहा है। निवासियों ने बताया कि सोसाइटी में बेसमेंट की हालत बेहद खराब है जिससे लोगों को वाहन खड़े करने में परेशानी होती है। वहीं, बेसमेंट में पानी भरने के कारण पिलर भी कमजोर हो रहे हैं। कई बार शिकायत करने के बाद कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।