ग्रेटर नोएडा (संवाद)। सूरजपुर स्थित भाटी रोड की खराब हालत से परेशान स्थानीय लोगों ने प्रशासन का इंतजार करने के बजाय खुद पहल कर सड़क को चलने लायक बना दिया। मोहल्ले के लोगों ने आपस में चंदा जुटाकर जेसीबी मशीन मंगवाई और कुछ ही घंटों में सड़क को समतल करा दिया। स्थानीय निवासी अतुल वशिष्ठ ने बताया कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। खराब रास्ते का असर स्थानीय कारोबार पर भी पड़ रहा था और दुकानों पर ग्राहकों की संख्या कम हो गई थी। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण कार्य शुरू तो हुआ था, लेकिन अधूरा छोड़ दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि फिलहाल अस्थायी रूप से सड़क को ठीक कराया गया है, ताकि लोगों को राहत मिल सके। वहीं, उन्होंने संबंधित विभाग से सड़क का स्थायी निर्माण कराने की मांग भी की है।