नूंह। हरियाणा कांग्रेस विधायक दल के उपनेता आफताब अहमद ने मंगलवार को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नाम डंपिंग यार्ड को रद्द करने के लिए एक पत्र सौंपा। विधायक और सीएलपी उपनेता आफताब अहमद ने मुख्यमंत्री को पत्र से अवगत कराया कि मेवात के कोराली या अन्य किसी भी गांव में गुरुग्राम के गांवों और शहर के कूड़े के लिए डंपिंग यार्ड बनाने के बड़े दुष्परिणाम होंगे, इससे गंभीर बीमारियों के खतरे के साथ साथ पर्यावरण को भी नुकसान होगा। आफताब अहमद ने कहा कि मेवात को डंपिंग यार्ड नहीं यूनिवर्सिटी, फोरलेन सड़क, पानी, बिजली, अस्पताल, स्कूल कॉलेज, रोजगार की जरूरत है। उन्होंने बताया कि प्रधान सचिव राजेश खुल्लर आईएएस ने सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वो मुख्यमंत्री से बात करेंगे और सहयोग करेंगे।