नोएडा। बृहस्पतिवार को कई सेक्टरों में तीन से चार घंटे तक बिजली कटौती की गई। थोड़ी देर की बारिश से बिजली की लाइन प्रभावित हो गई, जिसे दुरुस्त होने में काफी समय लगा। कई सेक्टरों में बिजली कटौती से समस्या बनी रही। सेक्टर-73 के अरविंद सिंह ने बताया दोपहर में तीन घंटे बिजली कटी रही, जिससे गर्मी का सामना करना पड़ा। बरौला निवासी सुमित त्यागी ने बताया कि बुधवार रात चार घंटे से ज्यादा देर तक बिजली गुल रही। इसकी शिकायत निगम के कंट्रोल रूम में की गई, लेकिन कोई लाइनमैन नहीं पहुंचा। सेक्टर-5 के नासिर खान ने बताया बिजली की दिक्कत काफी दिनों से बनी हुई है। वाजिदपुर के रहने वाले सुरेंद्र सिंह ने बताया कि दोपहर में चार घंटे बिजली गुल रही।
अधीक्षण अभियंता तकनीकी विवेक कुमार ने बताया जिन जगहों पर बिजली की दिक्कतें आईं, वहां टीम को भेजकर सुधार कार्य कराया जा रहा है। आपूर्ति बेहतर करने के लिए क्षमता वृद्धि के काम भी कराए जा रहे हैं।