कार सवार लोगों ने युवक के साथ की मारपीट
जारचा कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर गांव की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
दादरी। जारचा कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर गांव में कार सवार लोगों ने युवक को मारपीट कर घायल कर दिया। जान से मारने की नीयत से पिस्तौल तान दी। शोर मचाने पर आरोपी फरार हो गए लेकिन पिस्टल मौके पर ही गिर गई।
कार सवार अज्ञात लोगों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पिस्टल पुलिस को सौंप दी गई है। एसीपी अजीत कुमार ने बताया कि जारचा कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर गांव में विनीत तोमर परिवार के साथ रहते हैं। वह टैक्सी चलाने का काम करते हैं। 14 अक्तूबर की देर शाम वह अपनी टैक्सी से गांव में पहुंचे। मूंगफली की दुकान के सामने अपनी गाड़ी खड़ी कर मूंगफली लेने लगे। इसी दौरान पीछे से ब्रेजा कार आई और गाड़ी को आगे बढ़ाने के लिए कहने लगे। इसी बात को लेकर गाली-गलौज करने लगे। गाली देने से मना किया तो दो-तीन अज्ञात लोग ब्रेजा कार से उतर कर आए और मारपीट कर पीठ पर पिस्टल लगा दी। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।