ठेले में बैठकर स्कूल जाते बच्चे।
- फोटो : संवाद
पीलीभीत। शहर से सटे अलीगंज रोड स्थित तीन कॉलोनियों के पांच सौ घरों के आगे पिछले बीस दिनों से जलभराव है। दो व्यक्तियों की डूबकर मौत हो चुकी है। दो सौ परिवारों ने अपने बच्चों को स्कूल भेजना बंद कर दिया है। कामकाज वाले लोग कमर तक जलभराव से होकर गुजर रहे हैं। तीन किलोमीटर तक मार्ग पूरी तरह से जलमग्न है। जलनिकासी के नाम पर जिम्मेदार सिर्फ एक छोटा नाला खुदवाकर रह गए हैं। इससे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। थोड़े से प्रयास के बाद जलनिकासी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों ने ध्यान भी देना बंद कर दिया है।
जिले में बरसात से बनी बाढ़ जैसी स्थिति भी एक सप्ताह तक नहीं टिक पाई। कई निचले इलाकों से पानी का निकास भी हो गया। शहर से सटी अलीगंज रोड स्थित ग्राम पंचायत देशनगर की चार कॉलोनियों को बीस दिन बाद भी समस्या से निजात नहीं मिल पाई। दो सप्ताह पहले एक युवक की जलमग्न कॉलोनी में डूबकर मौत हो गई। शुक्रवार को भी एक व्यक्ति शराब के नशे में गहरे पानी में गिर गया जिससे उसकी मौत हो गई। जलभराव की स्थिति और दोनों मौतों के बाद भी प्रशासन नहीं जागा।
लगभग दो सप्ताह पहले प्रशासनिक अधिकारियों ने आकर यहां लगभग 20 फुट चौड़ा नाला खुदवाया। इससे कॉलोनियों में भरा कमर तक पानी नहीं निकल पाया। पंप लगाकर कॉलोनियों से पानी पिछले बीस दिनों से निकाला जा रहा है। जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से कॉलोनियों को पानी कम होेने का नाम नहीं ले रहा है। ग्राम पंचायत के राणा, कृष्णा कॉलोनी, अखिलेश बिहार में अभी भी पानी लोगों के कमर तक कई जगह भरा हुआ है। इससे परिवारों ने अपने बच्चों को स्कूल भेजना बंद कर दिया। कुछ बच्चे ठेले और परिजनों के कंधों पर बैठकर स्कूल जाते दिखाई दिए। लोगों का काम भी सब चौपट पड़ गया है। शनिवार को कॉलोनीवासियों ने तहसील दिवस में जाकर जिम्मेदार अधिकारियों को लिखित शिकायत कर जलनिकासी की समस्या से निजात दिलाने की मांग की।
20 दिन बाद बनी समिति ढूंढेगी रास्ता
तीन दिन की बरसात से अलीगंज मार्ग पर जलभराव की हुई। यह स्थिति पिछले 20 दिनों से है। दो लोगों की डूबकर मौत हो चुकी है। प्रशासन ने अब तक जलनिकासी के लिए गंभीरता नहीं बरती। बीस दिन बाद कॉलोनीवासियों ने शनिवार को तहसील समाधान दिवस में जाकर लिखित शिकायत की तो राजस्व की पांच से छह सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया। यह अब जलनिकासी का कारण और निस्तारण ढूंढेगी।
संक्रमण फैलने का खतरा
इस बार वैसे तो जिले में बरसात के मौसम में संक्रमणरहित बीमारियां देखने को नहीं मिलीं। डेंगू आदि के भी मरीज नहीं पाए गए। अलीगंज रोड स्थित इस जलभराव से अब संक्रमण फैलने का भी खतरा बढ़ गया है। लोगों के अनुसार मच्छरों की संख्या बढ़ गई है।
जलभराव से अलीगंज में जलनिकासी को लेकर लगातार प्रयास चल रहे हैं। एक समिति भी गठित की है जो जलभराव की भौतिक स्थिति की जांच करेगी और निस्तारण करेगी।- श्रद्धा सिंह, एसडीएम सदर