तावडू। उपमंडल के अंतर्गत गांव बावला में गफूर हत्याकांड मामले में एक पखवाड़े बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। इससे नाराज गांव के गणमान्य लोग व पीड़ित परिजन मंगलवार को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग लेकर तावड़ू थाना प्रभारी विशाल कुमार से मिले। थाना प्रभारी ने पीड़ित परिजनों व गणमान्य लोगों को जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया।
पीड़ित पक्ष के साहुन, रुददार, सब्बीर, शौकत, सुमेर, मूसा, पप्पू, अब्बास पूर्व चैयरमेन व आबिद आदि ने बताया की गत 13 सितंबर को जमीनी विवाद व रुपयों के लेनदेन में आरोपी पक्ष के लोगों ने गफूर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। जबकि आधा दर्जन लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने हत्या मामले में 13 नामजद सहित 16 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। लेकिन पुलिस के ढीलेपन रवैये के कारण अभी तक मात्र एक ही आरोपी गिरफ्तार हो पाया है। जबकि बाकी सभी आरोपी बेखौफ घूम रहे हैं और उनके हौसले बुलंद हैं। पीड़ित पक्ष को डर है कि यदि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो वह दोबारा उन पर जानलेवा हमला कर सकते हैं। पीड़ित पक्ष व गणमान्य लोगों ने थाना प्रभारी से मुलाकात कर जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए उनके ठिकानों पर दबिश देने की मांग की है। ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और वह सुकून से रह सकें।
तावडू थाना प्रभारी विशाल कुमार का कहना है कि गफूर हत्याकांड मामले मुख्य आरोपी शेरू पुत्र नुर मोहम्मद की गिरफ्तारी हो चुकी है, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आरोपियों के ठिकानों पर पुलिस लगातार दबिश दे रही है। जल्दी ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।
फोटो कैप्शन: आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर थाना प्रभारी से मिलने पहुंचे पीड़ित परिजन