फिरोजपुर झिरका। शहर के वार्ड नंबर-6 स्थित गंदे पानी की निकासी का कार्य पूरा नहीं होने से बीमारी फैलने का खतरा हर समय मंडरा रहा है। नगर पालिका के अधिकारियों से शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। पूर्व नगर पालिका प्रधान जय सिंह सैनी, विक्रम गुर्जर, नाजर पटेल, भीम पटेल सहित अन्य लोगों का कहना है कि नगर पालिका ने गंदे पानी की निकासी के लिए नाला बना रहा है, लेकिन अंतिम छोर तक नाला नहीं बनाया जा रहा है।
इससे नाले में गंदगी का पानी भरा रहता है। आसपास रहने वाले लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। इसके अलावा मंदिर में जाने के लिए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
क्या कहते हैं नगरपालिका सचिव
इस बारे में नगरपालिका सचिव ललित गोयल का कहना है कि अगर नगर पालिका के नाले में गंदा पानी भरा हुआ है तो उसकी निकासी की जाएगी और निकासी में रोक लगाने वाले लोगों पर कानूनी कार्रवाई का भी प्रावधान है। अगर कोई नहीं मानता है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी। गंदे पानी की निकासी कार्य को पूरा किया जाएगा। लोगों को गंदगी से निजात दिलाई जाएगी।