निजी जानकारी लीक होने का सता रहा डर, अधिकारियों का कहना कि ब्योरा पूरी तरह से गोपनीय
नंबर गेम- 2800 प्रगणक और 360 सुपरवाइजर लगाए गए
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। जनगणना-2027 में स्वगणना 30 नवंबर तक होनी है। स्व-गणना करवाने के लिए प्रगणक सेक्टर से लेकर सोसाइटी व गांव तक पहुंच रहे हैं। इस दौरान यह देखा जा रहा है कि बहुत से निवासी जनगणना की वेबसाइट पर अपने बैंक खाता व आधार का नंबर देने से बच रहे हैं। लोग इस बात से डर रहे हैं कि कहीं उनका ब्योरा सार्वजनिक न हो जाए या कोई गलत उपयोग न कर ले। प्रगणक व निगरानी में लगे सुपरवाइजर से लेकर अन्य अधिकारी तक इस भ्रम का खंडन कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि वेबसाइट पर भरा जाने वाला ब्योरा पूरी तरह से गोपनीय और सुरक्षित है। इसे खुद प्रगणक या अन्य अधिकारी भी नहीं देख सकते हैं।
नोएडा में जनगणना के लिए 2800 प्रगणक लगाए गए हैं। इनके ऊपर निगरानी के लिए 360 सुपरवाइजर व सभी 10 वर्क सर्किल प्रभारी हैं। दो-दो वर्क सर्किल पर निगरानी की जिम्मेदारी एक ओएसडी को दी गई है। इसके बाद चार्ज अधिकारी ओएसडी इंदु प्रकाश सिंह व नगर जनगणना अधिकारी एसीईओ प्रीति जायसवाल हैं। स्वगणना को लेकर अभी जागरूकता अभियान यह कर्मी चला रहे हैं। पूरे शहर में बैनर-पोस्टर लगवाए गए हैं। स्वगणना होने के बाद 1 दिसंबर से घर-घर जाकर जनगणना शुरू होगी। स्वगणना में कोई भी व्यक्ति वेबसाइट https://se.census.gov.in/ पर जाकर खुद अपनी जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर सकता है। वहीं जनगणना पोर्टल व स्व-गणना से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण के लिए नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी बृजेश कुमार सिंह को प्रभारी अधिकारी बनाया गया है।
कोट
स्व-गणना में जो भी ब्योरा लिया जा रहा है पूरी तरह से गोपनीय व सुरक्षित है। ज्यादा से ज्यादा लोग स्व-गणना में शामिल हों इसके लिए सभी से अपील है। जागरूकता के प्रयास लगातार जारी हैं।- प्रीति जायसवाल, नगर जनगणना अधिकारी, नोएडा