नूंह। शहर में प्लास्टिक का प्रयोग करने वालों पर नगरपालिका प्रशासन अब सख्त कार्रवाई के मूड में हैं। पिछले सप्ताह प्लास्टिक का इस्तेमाल करने वाले कई दर्जन दुकानदारों पर जुर्माना लगाया गया था। लेकिन अभी भी कुछ दुकानदारों ने जुर्माने का भुगतान नहीं किया है। नगरपालिका ने उन्हें तीन दिन का समय दिया है। अगर तय समय तक जुर्माने का भुगतान नहीं किया गया तो दुकानदारों पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
नगरपालिका सचिव अतर सिंह, जेई सरफराज ने बताया कि अधिकतर दुकानदार जुर्माने का भुगतान कर चुके हैं। लेकिन 14 दुकानदार अभी जुर्माने का भुगतान नहीं कर पाए हैं। इनके ऊपर 91 हजार 500 रुपये बकाया है। उन्होंने बताया कि नगरपालिका प्रशासन का दुकानदारों के पॉलिथीन इस्तेमाल करने के खिलाफ अभियान चलता रहेगा। उन्होंने लोगों से कहा कि यह देश को प्लास्टिक से मुक्त कराने के लिए अभियान केंद्र सरकार द्वारा चलाया गया है जिसमें सभी को अपना सहयोग करना चाहिए।
इन दुकानदारों पर जुर्माना बकाया है : शांति पुत्र राजकुमार 1500 रुपये, कैलाश पुत्र घनश्याम 1500, अलीमोहम्मद पुत्र रहमुद्दीन दस हजार, जाकिर पुत्र चंद्रखान 1500, ललित पुत्र दौलतराम दस हजार, शंकर लाल पुत्र चिरंजीलाल 1500, इमरान पुत्र अब्दुल गफ्फार तीन हजार, मोहम्मद सलीम पुत्र मोहम्मद इलियास दस हजार, आसिफ पुत्र जफरू तीन हजार, सलीम पुत्र गुलदीन 1500, अकमुद्दीन पुत्र नूर मोहम्मद तीन हजार, किरोड़ी पुत्र देवीराम 25 हजार, कुलदीप पुत्र टेकचंद दस हजार, खलील पुत्र उमेद पर दस हजार रुपये का जुर्माना किया गया है।