पिनगवां। नूंह स्वास्थ्य विभाग द्वारा पिनगवां स्थित आईटीआई सेंटर को कोरोना मरीजों के लिए डिस्ट्रिक्ट कोविड केयर सेंटर बनाया है। यहां आने वाले मरीजों को प्रशासन की ओर से मुफ्त खाना दिया जाता है। यह केंद्र करीब पांच महीने से चल रहा है। सेंटर में भर्ती मरीजों को खाना पकाने, सब्जी और परचून का सामान मुहैया कराने वाले दुकानदारों को पिछले 5 महीने से एक भी पैसा नहीं मिला है, जिससे दुकानदार परेशान हैं।
दुकानदारों ने उपायुक्त धीरेंद्र से पैसे दिलाने की मांग की है। पिनगवां निवासी मोनू सिंगला कहना है कि उसकी परचूनी की दुकान है। पटवारी के कहने पर वह पिनगवां आईटीआई में बने कोविड सेंटर में भर्ती मरीजों के लिए दाल, चावल, आटा, तेल सहित अन्य सामान देता है, लेकिन इसके बदले उसे एक भी पैसा नहीं मिला है। सब्जी विक्रेता नौरंग हुसैन ने बताया कि वह कोविड सेंटर में सब्जी देता है। उसे भी पिछले चार महीने से एक भी पैसा नहीं मिला है। एक लाख से अधिक की राशि प्रशासन पर बकाया है। नूंह उपायुक्त धीरेंद्र ने बताया कि मामला फिलहाल उनके सामने आया है। एसडीएम को आदेश दिए हैं कि जल्दी ही दुकानदारों से बिल लेकर उन्हें पैसे दिए जाए।