संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एनआईटी-3 नंबर स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल की इमरजेंसी में आने वाले गंभीर मरीजों को अब बेहतर सुविधा मिलेगी। इमरजेंसी में कई बार कुछ ऐसे मरीज भी आते हैं जिनका उपचार ओपीडी में आसानी से हो सकता है। उन मरीजों के लिए बृहस्पतिवार से जनरल ओपीडी के नाम से दो काउंटर शुरू किए गए हैं। जिसमें मरीज का रात के आठ बजे तक उपचार किया जाएगा। इसको लेकर ओपीडी कार्ड बनाने के लिए महिला व पुरुष के लिए अलग से काउंटर बनाया गया है। इस सुविधा को लेकर अस्पताल परिसर में जगह-जगह नोटिस लगाकर मरीजों को जागरूक किया जा रहा है।
डीन डाॅ. चव्हाण कालिदास दत्तात्रेय ने बताया कि गंभीर मरीज के अलावा सामान्य रोग से पीड़ित मरीज भी उपचार लेने के लिए इमरजेंसी में आ जाते हैं। उसी वजह से कई बार गंभीर मरीज को उपचार देने में देरी होती है। उसी समस्या को ध्यान में रखते हुए इमरजेंसी में सामान्य रोग से पीड़ित जैसे पेट दर्द, सिर दर्द, बुखार आदि के मरीजों के लिए अलग से जनरल ओपीडी के नाम से रूम बनाया गया है। जहां पर मौजूद डॉक्टर उपचार देंगे। यह ओपीडी सुबह 8 बजे से लेकर रात के 8 बजे तक चलेगी।