सरकारी अस्पताल में इलाज कराने 300 किमी दूर आया मरीज
-कोविड के दौरान बेहतर अनुभव खींच लाया नोएडा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में बेहतर सुविधाओं का लाभ अब प्रदेश के दूसरे जिलों के लोग भी उठा रहे हैं। सैफई के मेडिकल कॉलेज में सुधार नहीं होते देख मोहित शुक्ला अपनी 70 वर्षीय मां को एंबुलेंस में लेकर 300 किमी लंबी दूरी तय करते हुए नोएडा आ गए। यहां जिला अस्पताल के आईसीयू में उनकी मां का उपचार चल रहा है। आईसीयू के डॉक्टरों ने बताया कि 2021 में कोविड की दूसरी लहर के दौरान मोहित खुद गंभीर रूप से बीमार हो गए थे। उन्हें इसी अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था और कुछ दिन बाद स्वस्थ होकर घर पहुंचे थे। तब से लेकर आज तक वह नोएडा के सरकारी अस्पताल के मुरीद हैं। अब कई दिनों से उनकी मां बीमार हैं। उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। कोई राहत मिलती नहीं देख मोहित मां को लेकर नोएडा आए हैं। करीब 300 किमी की दूरी तय करने में चार घंटे का समय लगा।