गहमर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से भरी ट्रेन के रूकने के बाद प्लेटफार्म पर बैठकर आराम करते यात्र
गहमर। दीपावली और छठ पूजा से स्थानीय रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ उमड़ रही है। हर ट्रेन में रेला है। स्टेशन पर सामान्य दिनों के मुकाबले दोगुने से अधिक यात्री पहुंच रहे हैं। इससे सफर बेहद मुश्किल हो गया है। आरक्षित टिकटों की किल्लत के कारण यात्रियों को जनरल कोचों में सफर करना पड़ रहा है। कई ट्रेनें इतनी फुल हैं कि कोच में पैर रखने तक की जगह नहीं है। सीट न मिलने से लोग गेट, गलियारों और यहां तक कि बाथरूम के पास बैठकर सफर कर रहे हैं। दीपावली और छठ पर्व पर दिल्ली, मुंबई, सूरत और अन्य बड़े शहरों से कामकाजी लोग अपने घर लौट रहे हैं। जिससे भीड़ चरम पर है। श्रमजीवी एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस, विभूति एक्सप्रेस और पटना-मुंबई, अमृतसर मेल आदि ट्रेनों में गेट पर बैठकर सफर करने को विवश हैं। दीपावली-छठ पर घर जाने वालों की भीड़ स्पेशल जैसी ट्रेनों में टिकट फुल है। वेटिंग लिस्ट में टिकट मिलने के बाद भी सीट सुनिश्चित नहीं हो रही। वहीं, रेलवे अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या सामान्य से कई गुना बढ़ जाती है। इसलिए अतिरिक्त डिब्बे और स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था की जा रही है। पूर्व मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि पूर्व मध्य रेलवे की ओर से दिवाली व छठ पर्व पर रेल संचालन को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं, ताकि हर यात्री सुरक्षित, सहज और समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सके।