संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। सेक्टर-39 थाना क्षेत्र के बॉटनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन पर भीड़ का फायदा उठाकर एक यात्री का मोबाइल चोरी कर लिया गया। यात्री सेक्टर-16 जाने वाली मेट्रो में सवार हो रहा था। इसी दौरान उसकी जेब से मोबाइल निकाल लिया गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हरियाणा के फरीदाबाद निवासी रोशन के मुताबिक, वह 17 अक्तूबर की सुबह साढ़े नौ बजे सेक्टर-16 जाने वाली मेट्रो में सवार हो रहे थे। कोच में काफी भीड़ थी। इसी दौरान किसी ने उनकी पैंट की जेब से मोबाइल चोरी कर लिया। ट्रेन के दरवाजे बंद होने और चलने के बाद उन्हें मोबाइल गायब होने का पता चला। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। थाना प्रभारी डीपी शुक्ला के मुताबिक, पीड़ित की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी कैमरे खंगालकर चोर की पहचान और मोबाइल बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।